दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 

जामताड़ा सहित पूरे झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की शुरुआत हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 30 जून से 29 जुलाई तक जिले के सभी मतदान क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को दो प्रतियों में आंशिक रूप से भरे हुए गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं। इस दौरान भरे हुए प्रपत्रों का संग्रह भी किया जाएगा।जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने जिले के सभी मतदाताओं से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक मतदाता बीएलओ द्वारा दिए गए गणना प्रपत्र में सही एवं आवश्यक जानकारी भरकर एक प्रति बीएलओ को वापस करें तथा दूसरी प्रति पर पावती अवश्य प्राप्त करें। उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।अभियान की नियमित निगरानी भी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रहे और मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन हो सके। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जून से 29 जुलाई तक गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण किया जाएगा। इसके आधार पर 5 अगस्त 2026 को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।