रफ्तार संवाददाता रंजीत पालकोट (गुमला)। पालकोट प्रखंड के बघमा और बंगरू गांव में अच्छी वर्षा, बेहतर फसल तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर मंगलवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। ग्रामीण परंपराओं और लोक आस्था से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया।बघमा गांव स्थित दुर्गा मंदिर सह पूजा मंडप में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा मां दुर्गा की विशेष पूजा की गई।ग्रामीणों ने क्षेत्र में समय पर पर्याप्त वर्षा होने, खेतों में अच्छी पैदावार होने तथा किसानों के जीवन में खुशहाली आने की प्रार्थना की।पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ देवी की आराधना करते हुए गांव और क्षेत्र के कल्याण की कामना की। पूजा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और पूरे वातावरण में भक्ति का माहौल बना रहा।वहीं बंगरू गांव में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विशेष अनुष्ठान संपन्न कराया गया।गांव के पाहान पुजार द्वारा कारी पाढ़ी देकर देवी मां की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान गांव की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा, रोग-मुक्त जीवन तथा बेहतर कृषि उत्पादन के लिए प्रार्थना की गई। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसी पारंपरिक पूजा और अनुष्ठान से प्रकृति की कृपा प्राप्त होती है तथा गांव में शांति और समृद्धि बनी रहती है।अनुष्ठान के दौरान ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पूजा में भाग लिया और क्षेत्र की उन्नति के लिए मंगलकामनाएं कीं।कार्यक्रम में बुजुर्गों के साथ-साथ युवा वर्ग और बच्चों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीणों ने बताया कि खेती-किसानी पर आधारित जीवनशैली वाले इस क्षेत्र में अच्छी वर्षा और बेहतर फसल किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी विश्वास और आस्था के साथ हर वर्ष इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है।