छतरपुर: शहर के चेक नाका के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सवारी टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय दोनों महिलाएं अपने काम पर जा रही थीं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को तुरंत छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस हादसे के बाद घायलों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।