दीपचंद दीक्षित संवाददाता
फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर जिले की भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के गैसिंगपुर गांव में पीडीए सदस्यता अभियान, जनसभा एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने किया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना इरफान उल हक कादरी ने अपने संबोधन में केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक संकट, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। अपने भाषण के दौरान उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि "धन के भूखे गुजरातियों ने देश को कंगाल कर दिया है और अब उनके पतन की शुरुआत हो चुकी है।" उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है और बदलाव का समय आ गया है।
कार्यक्रम में समाजवादी मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष धनीलाल श्रमिक, पूर्व राज्य मंत्री रामसेवक सिंह यादव, पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, प्रदेश सचिव डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मोहम्मद उमर खां सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, स्मार्ट मीटर, किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार की आलोचना की तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि फर्रुखाबाद की चारों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज कराने के लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं। उन्होंने पीडीए के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पार्टी प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान करीब 300 लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहीं अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।