रफ्तार मीडिया हजारीबाग /सुमन सिन्हा
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं के बीच लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बनाई गई लघु फिल्म "You Are HACKED" इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित फिल्मकार पंकज हिंदुस्तानी की यह फिल्म व्हाट्सएप हैकिंग और साइबर ठगी के खतरों को उजागर करते हुए आम लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत कर रही है। पंकज हिंदुस्तानी ने बताया कि लगातार बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं ने उन्हें इस विषय पर फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के लोग भी तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ रहे हैं, लेकिन साइबर सुरक्षा के प्रति पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण वे ठगों के आसान निशाने बन जाते हैं।
उन्होंने कहा कि फिल्म में व्हाट्सएप हैकिंग के विभिन्न तरीकों को वास्तविक घटनाओं के आधार पर दर्शाया गया है। साथ ही यह भी बताया गया है कि किस प्रकार थोड़ी सी सावधानी बरतकर लोग साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकते हैं।
फिल्म के माध्यम से लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध कॉल और संदेशों से सतर्क रहने तथा डिजिटल सुरक्षा के आवश्यक नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया है।
पंकज हिंदुस्तानी ने कहा कि "You Are HACKED" केवल मनोरंजन के लिए नहीं बनाई गई है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि फिल्म को विभिन्न सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और जागरूकता मंचों पर सराहना मिल रही है। इसकी उपयोगिता को देखते हुए कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों एवं संस्थाओं ने उन्हें सम्मानित भी किया है।विशेषज्ञों का मानना है कि जिस तेजी से डिजिटल लेन-देन और सोशल मीडिया का उपयोग बढ़ रहा है, उसी तेजी से साइबर अपराध भी बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में "You Are HACKED" जैसी जागरूकता आधारित फिल्में लोगों को सतर्क और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
साइबर सुरक्षा का सशक्त अभियान
"You Are HACKED" केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि साइबर अपराध के खिलाफ चलाया जा रहा एक सशक्त जागरूकता अभियान है। यह फिल्म लोगों को डिजिटल दुनिया के खतरों से अवगत कराते हुए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की सीख देती है और संदेश देती है कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार है।