दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 

जामताड़ा में जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षा को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को बड़जोड़ा गांव के विनोद बिहारी महतो चौक पर जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल रिफॉर्म मंच के आह्वान पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और जेएलकेएम कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों में ठोस कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने अभय तिवारी से जुड़े आरोपों की भी उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से लाखों छात्रों का भविष्य जुड़ा है, इसलिए परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने ऐलान किया कि मांगों को लेकर 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। वही जामताड़ा जेएलकेएम के जिलाध्यक्ष मनतोष कुमार महतो ने कहा कि संगठन छात्रों के लोकतांत्रिक आंदोलन का समर्थन करता है और सरकार से संवाद कर समस्याओं का समाधान करने की मांग करता है। मौके पर ललन कुमार, प्रकाश कुमार, सूकदेव महतो, मनोज महतो, भरत भंडारी, कृष्णा मंडल, तपन कुमार, राहुल महतो, विकास कुमार, राजेश महतो, ललन महतो, अरुण कुमार, भैरव कुमार, कुणाल महतो, सोमन कुमार, कृष्ण कुमार महतो, बबलू कुमार, देव सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा उपस्थित थे।