सौरभ राय/रफ्तार मीडिया

हैदराबाद/रांची: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित झारखंडी एकता समाज द्वारा आयोजित स्थापना दिवस समारोह में झारखंड  के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में रह रहे झारखंडवासियों से अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित एवं प्रचारित करने का आह्वान किया।

परदेश में रहकर भी झारखंड की पहचान और संस्कृति को सशक्त बनाना अत्यंत सहरानीय- सुदेश महतो

सुदेश महतो ने  अपने संबोधन कहा कि परदेश में रहकर भी झारखंड की पहचान, भाषा, संस्कृति और सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने का कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में बसे झारखंड के सभी परिवार उनके अपने परिवार की तरह हैं और उनके सम्मान, सुख दुख तथा प्रगति के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि झारखंड से बाहर रहने वाले लोग अपनी पेशेवर उपलब्धियों के साथ साथ राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति, भाषा और परंपराओं के भी सशक्त प्रतिनिधि बनें, ताकि पूरे देश में झारखंड की विशिष्ट पहचान और अधिक मजबूत हो सके।

झारखंड के लोगों को एकजुट रखने के लिए पहल

सुदेश महतो ने कहा कि झारखंडी एकता समाज द्वारा उन्हें दिया गया सम्मान किसी एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड की संस्कृति, भाषा, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रति समाज के विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।कार्यक्रम को झारखंडी एकता समाज के अध्यक्ष विनोद यादव तथा महासचिव किशोर कुमार ने भी संबोधित किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और झारखंडी समाज को एकजुट रखने के प्रयासों की जानकारी दी।