रांची: झारखंड की राजधानी रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले T20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम के बाहर सुबह से ही दर्शकों की भीड़ जुटने लगी। शाम सात बजे शुरू होने वाले मुकाबले से पहले ही फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने और टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाने के लिए स्टेडियम पहुंचने लगे।
स्टेडियम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
मैच को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। स्टेडियम के प्रवेश द्वारों के आसपास बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों, पेट्रोलिंग टीम और कमांडो की तैनाती की गई है। वहीं, ट्रैफिक पुलिस भी यातायात को सुचारु रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद है।
स्टेडियम में प्रवेश से पहले दर्शकों की जांच की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि मुकाबले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
हेलमेट और बड़े बैग समेत कई सामान ले जाने पर रोक
स्टेडियम के बाहर उद्घोषणा के जरिए दर्शकों को प्रवेश संबंधी नियमों की जानकारी दी जा रही है। हेलमेट, खाने-पीने का सामान, पान-गुटखा, मसाला, नुकीली वस्तुओं और बड़े बैग को अंदर ले जाने पर रोक की जानकारी दी गई है। दर्शकों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित सामान साथ न लाएं, ताकि सुरक्षा जांच और प्रवेश के दौरान परेशानी से बचा जा सके।
पलामू से कोलकाता तक पहुंचे क्रिकेट प्रेमी
रांची में होने वाले इस मुकाबले का रोमांच झारखंड के अलग-अलग जिलों के साथ दूसरे राज्यों के क्रिकेट प्रशंसकों में भी देखने को मिल रहा है। पलामू से आए फैंस ने टीम इंडिया को समर्थन देने की बात कही। वहीं, कोलकाता से पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों ने भी भारतीय टीम के प्रति अपना उत्साह जाहिर किया।
प्रशंसकों के बीच अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी और महेंद्र सिंह धोनी को लेकर खास चर्चा रही। वहीं, गेंदबाज कुलदीप यादव से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई।
भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले का इंतजार
भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करेगी। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की टीम भी कड़ी चुनौती देने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। स्टेडियम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर प्रशासन सतर्क है। अब क्रिकेट प्रेमियों को मुकाबले के शुरू होने का इंतजार है।