सौरभ राय/रफ्तार मीडिया
रांची: झारखंड सरकार के द्वारा राज्य के 14 लाख से अधिक लाभुकों को पौष्टिक पूरक पोषाहार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बता दें,मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बाद राज्य में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से टेक होम राशन (टीएचआर) का वितरण अगस्त 2026 से पुनः प्रारंभ किया जाएगा।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारियों को दिया निर्देश
टीएचआर वितरण शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, छह माह से तीन वर्ष तक के बच्चों तथा किशोरी बालिकाओं को नियमित रूप से पूरक पोषाहार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे लाभुकों के पोषण स्तर में सुधार होगा और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूती मिलेगी।समाज कल्याण विभाग के निदेशक ने सभी जिला समाज कल्याण पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्राप्त पोषाहार के वितरण की व्यवस्था पर सतत निगरानी रखें, ताकि पात्र लाभुकों तक समय पर और सुचारु रूप से पोषाहार पहुंचाना सुनिश्चित किया जा सके।
झारखंड सरकार का दावा कुपोषण में कमी लाने के राज्य सरकार है प्रयासरत
राज्य सरकार का कहना है कि कुपोषण में कमी लाने तथा माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। टीएचआर वितरण को पुनः सुचारु रूप से संचालित करने का निर्णय इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है जिससे समेकित बाल विकास योजना अंतर्गत पात्र लाभुकों को लाभान्वित किया जाएगा।