रफ़्तार मिडिया / संवाददाता गौतम लोहरा
तमाड़। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो ने पार्टी के केंद्रीय महिला मोर्चा का पुनर्गठन करते हुए पांचपरगना की लोकप्रिय आदिवासी नेत्री दमयंती मुंडा को एक बार फिर केंद्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। तमाड़ प्रखंड के पुंडीदिरी गांव की निवासी दमयंती मुंडा को दोबारा यह जिम्मेदारी मिलने पर पांचपरगना क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं, महिलाओं और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। उनके समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया तथा उन्हें बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर दमयंती मुंडा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और संगठन विस्तार के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।