सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कपाली ओपी पुलिस ने तमोलिया में बुजुर्ग पर जानलेवा फायरिंग की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा झाड़ियों में छिपाकर रखे गए दो देशी कट्टे बरामद किए हैं।इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 9 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 बजे तमोलिया कॉलोनी स्थित गोविंद विद्यालय के पीछे 62 वर्षीय शेख नूर मोहम्मद पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। घटना के बाद पीड़ित के बयान पर कपाली ओपी थाना कांड संख्या 97/2026 दर्ज कर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन अंसारी (41 वर्ष) को तमोलिया से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तमोलिया स्थित दुखी मंदिर के पीछे नाला के पास का निवासी है।एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गौ तस्करी सहित आठ से अधिक आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य अवैध हथियार बरामद किए, जिससे मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मिली।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118 एवं 109 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कपाली क्षेत्र में अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।