ओम प्रकास तिवारी 
मोतिहारी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्वी चंपारण में ईमानदारी एवं नियमित रूप से कर भुगतान करने वाले व्यवसायियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वाणिज्य कर विभाग की ओर से ‘भामाशाह सम्मान’ समारोह आयोजित किया गया। गांधी मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जिले के नॉन-कॉरपोरेट श्रेणी में सर्वाधिक जीएसटी भुगतान करने वाले तीन प्रतिष्ठानों को पुरस्कार-सह-सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने चयनित करदाताओं को सम्मानित किया। आरसी इंटरप्राइजेज को सर्वाधिक जीएसटी भुगतान के लिए प्रथम पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपये, आरसी ऑटोमोबाइल्स को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपये तथा अरविंद सर्राफ एंड संस एलएलपी को तृतीय पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

राजस्व संग्रह में करदाताओं की अहम भूमिका

राज्य-कर संयुक्त आयुक्त (प्रभारी), मोतिहारी संतोष कुमार ने बताया कि बिहार के राजस्व संग्रह में वाणिज्य कर विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार सरकार द्वारा वसूल किए गए कुल राजस्व का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा वाणिज्य कर विभाग के माध्यम से संग्रहित हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभाग के प्रयासों के साथ-साथ करदाताओं के सहयोग और कर अनुपालन के प्रति उनकी सजगता का परिणाम है। व्यवसायियों द्वारा समय पर और नियमित रूप से कर भुगतान करने से सरकार को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आवश्यक राजस्व उपलब्ध होता है।

स्वैच्छिक कर अनुपालन को मिलेगा बढ़ावा

संतोष कुमार ने कहा कि वित्तीय अनुशासन, पारदर्शी कारोबार एवं समय पर कर भुगतान करने वाले व्यवसायियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य व्यवसायियों को भी अपने कर दायित्वों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है। कर भुगतान केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि राज्य के विकास में व्यवसायी समुदाय की महत्वपूर्ण भागीदारी भी है।

विभाग की इस पहल से व्यवसायिक समुदाय में स्वैच्छिक कर अनुपालन, पारदर्शी व्यापार व्यवस्था एवं नियमित जीएसटी भुगतान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

अधिकारी रहे मौजूद

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव सहित जिला प्रशासन एवं वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। करदाताओं को सम्मानित किए जाने को व्यवसायी समुदाय के लिए महत्वपूर्ण प्रोत्साहन के रूप में देखा गया।

विभाग की यह पहल ‘कर भुगतान से विकास’ की अवधारणा को मजबूत करने के साथ जिम्मेदार एवं जागरूक करदाता संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। स्वतंत्रता दिवस पर भामाशाह सम्मान के माध्यम से करदाताओं के योगदान को सार्वजनिक पहचान मिलने से राजस्व व्यवस्था में विश्वास और विकास की गति को बढ़ावा देने का संदेश गया।