शिव कुमार/सहरसा।


नेपाल की राजधानी काठमांडू में 20 जून 2026 को आयोजित इंडो-नेपाल डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में सहरसा के एक बेटी और दो बेटों ने शानदार प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ाया। डांस स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा देश के विभिन्न राज्यों से चयनित प्रतिभागियों में सहरसा के तीन प्रतिभाशाली बच्चों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में अद्विक, अंश राज एवं अस्तुति प्रिया ने अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। तीनों प्रतिभागियों की इस उपलब्धि से भारत का परचम नेपाल में लहराया। साथ ही इनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर साउथ कोरिया में आयोजित होने वाली आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी इनका चयन सुनिश्चित हो गया है।
इस उपलब्धि की खबर मिलते ही सहरसा सहित पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। बच्चों के अभिभावकों ने उनकी सफलता का श्रेय उनके प्रशिक्षक रौशन डी-क्यूज़ को दिया है। रौशन डी-क्यूज़, स्ट्रगलर डांस एकेडमी के संचालक हैं और उनके मार्गदर्शन में कई प्रतिभाएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं।
रौशन डी-क्यूज़ लगातार सहरसा में नृत्य एवं कला के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को अवसर प्रदान कर रहे हैं तथा स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अद्विक, अंश राज और अस्तुति प्रिया की यह उपलब्धि न केवल सहरसा बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है तथा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत भी है।