दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो
जरीडीह थाना क्षेत्र के जैना मोड़ में ऑनलाइन गेमिंग जुआ का संचालन कर भोले-भाले लोगों को लालच देकर अवैध कमाई करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में जैना मोड़ निवासी प्रलव कुमार सिंह (24), सेंटी कुमार (26) और आनंद कुमार (23) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों विभिन्न प्रतिबंधित ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा वेबसाइटों के माध्यम से ग्राहकों को जोड़कर जुआ संचालित करते थे। ग्राहकों को गेमिंग आइडी उपलब्ध कराकर उनसे लेनदेन और कमीशन के जरिए आर्थिक लाभ कमाया जाता था।
पुलिस अधीक्षक बोकारो को 12 अगस्त को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए जरीडीह थाना प्रभारी बिपिन चंद्र महतो के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। दल ने जैना मोड़ स्थित एक कमरे में छापेमारी कर तीनों आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ऑनलाइन जुआ संचालन की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मौके से तीन एंड्राइड मोबाइल, एक आइफोन, 10,100 रुपये नकद, चार डेबिट/पेमेंट कार्ड और ग्राहकों से संबंधित डाटा वाली दो नोटबुक बरामद की हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। ऑनलाइन जुआ संचालन से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है। छापेमारी दल में जरीडीह थाना प्रभारी बिपिन चंद्र महतो के अलावा विकास कुमार विश्वकर्मा, संजीव कुमार, निर्मल कुमार सिंह, मथियस जॉन मुर्मू, हवलदार कुलदीप सिंह और हवलदार अनस्ता बा शामिल थे। बोकारो पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन जुआ, सट्टा और अवैध गेमिंग गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना नजदीकी थाना या डायल-112 पर देने की अपील की है।