रफ्तार मीडिया/ सुमन सिन्हा/हजारीबाग।मूसलाधार बारिश के बीच सड़क पर मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए हजारीबाग यूथ विंग ने सोमवार को सीसीआर परिसर में रेनकोट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। पहले चरण में 60 से अधिक ट्रैफिक जवानों को रेनकोट प्रदान कर उन्हें बारिश से बचाव का सुरक्षा कवच दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हर मौसम में नागरिकों की सुरक्षा के लिए समर्पित फ्रंटलाइन पुलिस वॉरियर्स के सम्मान और सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया यह प्रयास प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज और पुलिस के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत करते हैं।
हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि समाज की सुरक्षा में दिन-रात अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ आगे भी जनहित के कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों, हजारीबाग यूथ विंग के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। संस्था की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।