ओमप्रकाश तिवारी 
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण पुलिस ने वर्ष 2023 में हुई बाइक लूट मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। हरसिद्धि थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गायघाट के समीप लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपितों को दबोच लिया। पुलिस ने बरामद बाइक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अरेराज के नेतृत्व में हरसिद्धि थाना पुलिस ने छापेमारी कर एक मोटरसाइकिल और एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वह बाइक से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में बरामद मोटरसाइकिल वर्ष 2023 में तुरकौलिया थाना क्षेत्र से लूटी गई बाइक निकली।
पुलिस के अनुसार, 12 मई 2023 की रात चरपहां से दूध लेकर घर लौट रहे एक व्यक्ति से हथियार के बल पर मोटरसाइकिल लूट ली गई थी। इस संबंध में तुरकौलिया थाना कांड संख्या 53/23, दिनांक 13 मई 2023 दर्ज है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित ने रंजय सहनी एवं अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर रंजय सहनी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि रंजय सहनी के विरुद्ध मुफस्सिल थाना सहित विभिन्न थानों में रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मुरारपुर बलुआ निवासी रंजय सहनी (27) तथा बसीर मियां (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों ने पूछताछ में बाइक लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।