गोवर्धन रजक रफ्तार मीडिया संवाददाता धनबाद: जिले के पश्चिमी टुंडी और मनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जीतपुर पंचायत के नेमोरी और शीतलपुर गांव में दो जंगली हाथियों ने जमकर कहर बरपाया। 40 हाथियों के विशाल झुंड से बिछड़े इन दो हाथियों ने प्राथमिक विद्यालय नेमोरी की दीवार ढाह दी। इसके साथ ही नेमोरी निवासी उत्तम राय व बीरू राय और शीतलपुर के गणेश मुर्मू के घरों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
अनाज खाया और बिखेरा, ग्रामीणों ने बचाई जान
हाथियों ने स्कूल और घरों में रखा चावल व अन्य अनाज खा लिया और बाकी इधर-उधर बिखेर कर बर्बाद कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलने पर वनपाल प्रकाश टुड्डू ने मौके का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया है कि कागजी प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही उन्हें हुए आर्थिक नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा।
जंगल में मंडरा रहा है खतरा
गौरतलब है कि हाल ही में लगभग 40 हाथियों के झुंड ने टुंडी के घने जंगलों में डेरा डाला था। सूचना के अनुसार, इनमें से कुछ हाथी भटककर गिरिडीह जिले की सीमा में प्रवेश कर गए हैं। हालांकि, टुंडी के जंगलों में अभी कितने हाथी विचरण कर रहे हैं, इसकी सटीक जानकारी नहीं है। इस इलाके में हाथियों द्वारा अक्सर उत्पात मचाया जाता रहा है, जिसे लेकर ग्रामीणों में हमेशा दहशत का माहौल बना रहता है।