दिनेश कुमार रजक /रफ्तार मीडिया संवाददाता/चित्तरंजन

चित्तरंजन रेलनगरी के प्रवेश द्वार पर रविवार शाम बड़ा हादसा हुआ। आसनसोल-चित्तरंजन मुख्य सड़क पर 3 नंबर गेट के पास करीब 5 बजे दो टोटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि एक टोटो उछलकर सड़क किनारे जलजमाव वाले झाड़ी क्षेत्र में जा गिरा। दूसरा टोटो सड़क किनारे खड़े रेलवे के मालवाहक ट्रेलर के नीचे जा घुसा। एक टोटो चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर रक्तरंजित अवस्था में पड़ा मिला। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जानकारी के अनुसार एक टोटो चित्तरंजन से रूपनारायणपुर जा रहा था, जबकि दूसरा विपरीत दिशा से आ रहा था। सूचना पाकर आरपीएफ और रूपनारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।