रफ्तार संवाददाता रंजीत पालकोट (गुमला): पालकोट थाना क्षेत्र के बघिमा और पिंजराडीपा गांव के बीच स्थित जबरा नदी पुल से नीचे शुक्रवार अहले सुबह एक खाली मालवाहक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूपी 67 एटी 2180 नंबर का खाली मालवाहक ट्रक गुमला की ओर से पालकोट की ओर आ रहा था। सुबह करीब 4 बजे जब ट्रक जबरा नदी पुल के समीप पहुंचा, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पुल के नीचे जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पालकोट थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पालकोट पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।घटना के समय ट्रक खाली होने के कारण कोई अन्य जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए पुल के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया आगे की कार्रवाई के तहत की जाएगी।