अजीत कुमार / दिल्ली

दिल्ली के जंतर-मंतर पर यूनाइटेड हिंदू फ्रंट (United Hindu Front) की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया। संगठन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जय भगवान गोयल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के नेताओं ने हाल के दिनों में जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान कथित तौर पर हुई हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने के मुद्दे को उठाया।

संगठन का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवी और असामाजिक तत्वों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा पुलिसकर्मियों और मीडिया से जुड़े लोगों को भी निशाना बनाया। संगठन ने ऐसे मामलों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का मनोबल बनाए रखने की अपील

यूनाइटेड हिंदू फ्रंट ने सरकार और प्रशासन से अपील की कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ बिना भेदभाव के कार्रवाई की जाए। संगठन का कहना है कि पुलिस अधिकारियों और जवानों पर हमले जैसी घटनाओं से सुरक्षा बलों का मनोबल प्रभावित होता है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और हिंसा फैलाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

संगठन ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन हिंसा, तोड़फोड़ और कानून-व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।