नई दिल्ली | अजीत कुमार
राजधानी दिल्ली में संसद घेराव के आह्वान के बीच जंतर-मंतर से शुरू हुआ प्रदर्शन उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग (Barricading) कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया था।
प्रदर्शनकारी जैसे ही संसद मार्ग की ओर बढ़े, पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति तब बिगड़ गई जब कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थर, जूते-चप्पल और पानी की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं।
हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग (Mild Force) किया। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस (Tear Gas) के गोले भी छोड़े गए।
पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी विभिन्न स्थानों पर बिखर गए, हालांकि कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों में आक्रोश देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई तथा स्थिति पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।