राजन साहू, कानपुर
*लखनऊ/कानपुर।* उत्तर प्रदेश टी20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू होगा। लीग के इतिहास में पहली बार इस बार मैच प्रदेश के दो शहरों *लखनऊ और कानपुर* में आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन मैच 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में काशी रुद्राक्ष और मौजूदा चैंपियन मेरठ मेवेरिक्स के बीच खेला जाएगा।
यूपी टी20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट 24 दिन चलेगा और कुल 34 मुकाबले होंगे। इसमें 13 डबल-हेडर और 8 सिंगल-हेडर मैच शामिल हैं।
उन्होंने कहा, "यूपीटी20 अब आईपीएल के बाद देश की सबसे बड़ी क्रिकेट लीगों में से एक बन रही है। इस बार नीलामी आगरा में होगी। इस तरह लीग अब लखनऊ, कानपुर और आगरा तीन शहरों से जुड़ गई है। हमारा लक्ष्य इसे आने वाले वर्षों में आईपीएल की तरह और शहरों तक ले जाना है।"
डॉ. कपूर ने कहा कि उभरते खिलाड़ियों के लिए आईपीएल और भारतीय सितारों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना सबसे बड़ा अनुभव होगा। "क्रिकेट सिर्फ कोचिंग से नहीं सीखी जाती। बड़े खिलाड़ियों के साथ समय बिताने और उनसे सीखने से करियर बनता है। यूपीटी20 युवाओं को यही मंच देती है।" उन्होंने बताया कि लीग का प्रसारण 200 से अधिक देशों में होगा, जिससे यूपी के खिलाड़ियों को वैश्विक पहचान मिलेगी।
*शेड्यूल:*
पहला चरण लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा। इसके बाद टूर्नामेंट कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में शिफ्ट होगा जहां नॉकआउट और फाइनल खेले जाएंगे। क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर 3 सितंबर, क्वालिफायर-2 4 सितंबर और फाइनल 6 सितंबर को कानपुर में होगा।