सरायकेला: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, सरायकेला-खरसावां द्वारा आयोजित क्रॉस कंट्री रेस में खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं एवं खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की उपस्थिति में हुआ। रेस में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संस्थाओं एवं खेल संगठनों से जुड़े बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, सरायकेला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सिकंदर महतो, जिला खेल संगठन के सचिव दिलदार अंसारी सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, उत्कृष्टता, मित्रता और विश्व बंधुत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त तथा सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।उन्होंने युवाओं से नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नशाखोरी, पर्यावरण प्रदूषण एवं अस्वस्थ जीवनशैली जैसी चुनौतियां समाज के सामने गंभीर रूप से मौजूद हैं। खेल और शारीरिक गतिविधियां इन समस्याओं से निपटने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। युवा जितना अधिक खेल मैदानों से जुड़ेंगे, उतना ही वे सामाजिक बुराइयों से दूर रहेंगे।श्री चौधरी ने बताया कि हाल ही में नगर पंचायत द्वारा बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में तीन नए खेल मैदानों को जनता को समर्पित किया गया है। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स बैंक (खेल बैंक) की भी शुरुआत की गई है, ताकि संसाधनों के अभाव में किसी प्रतिभा का विकास बाधित न हो।उन्होंने जिले के खिलाड़ियों एवं युवाओं से बिरसा मुंडा स्टेडियम के खेल मैदानों, खेल बैंक, गेस्ट हाउस परिसर तथा इंडोर स्टेडियम की सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही जानकारी दी कि आने वाले दिनों में सरायकेला मैदान में जिला फुटबॉल लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा और जिले में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी।क्रॉस कंट्री रेस में प्रतिभागियों ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ दौड़ लगाकर खेलों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा ओलंपिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करना था।कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, खेल विभाग, विभिन्न खेल संघों तथा सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई।