ओमप्रकाश तिवारी /मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के पलनवा थाना क्षेत्र में 17 जून को बरामद अज्ञात महिला के शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। विशेष जांच दल की जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पति ने अपनी दूसरी पत्नी और एक कथित तांत्रिक के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को पलनवा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिलने के बाद कांड संख्या 132/26 दर्ज कर SIT का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अनुसंधान के आधार पर मृतका की पहचान मीना देवी के रूप में हुई। जांच में पता चला कि मीना देवी के पति तपेश्वर सहनी ने नेपाल में लक्ष्मी देवी से दूसरी शादी कर ली थी। पहली और दूसरी पत्नी के बीच विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष सुगौली निवासी कथित तांत्रिक सिकन्दर सहनी उर्फ भगत जी के संपर्क में पहुंचे। आरोप है कि तांत्रिक ने दोनों पक्षों से 50-50 हजार रुपये लेकर उन्हें एक-दूसरे से अलग कराने का झांसा दिया।
पुलिस के अनुसार पूर्व नियोजित साजिश के तहत मीना देवी को नेपाल घुमाने और बेहतर जीवन का लालच देकर साथ ले जाया गया। मोतिहारी से रक्सौल जाने के दौरान मसना डीह हॉल्ट के पास लोकल ट्रेन में उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को फेंककर आरोपी फरार हो गए। रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने प्रेस वार्ता में बताया कि तकनीकी जांच, साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में लखौरा थाना क्षेत्र निवासी पति तपेश्वर सहनी, सुगौली निवासी कथित तांत्रिक सिकन्दर सहनी उर्फ भगत जी तथा दूसरी पत्नी शामिल हैं।
छापेमारी दल में एसडीपीओ मनीष आनंद, इंस्पेक्टर अनुज कुमार पांडेय, पलनवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता एवं DIU की टीम शामिल रही। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।