डॉ विभूति सिंह/भागलपुर

पुलिस जिला नवगछिया ने अपहरण एवं हत्या के एक सनसनीखेज मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है।पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी सहित 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

मामला क्या था?

बीते 6 अगस्त को वादी कमलेश्वरी मिस्त्री ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर बताया कि उनका पुत्र उमेश शर्मा अपनी पत्नी के साथ डॉक्टर के पास नवगछिया बाजार गया था, जो वापस नहीं लौटा।  
इस संबंध में नवगछिया थाना कांड सं0- 316/26 धारा-137(2)/140(3)/3(5) बीएनएस दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

24 घंटे में कैसे खुला राज?
 
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नवगछिया श्री वैभव शर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।टीम ने तकनीकी,मानवीय अनुसंधान एवं वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करते हुए 03 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनिता देवी पति-उमेश शर्मा, सा0+थाना-खरीक, जिला-भागलपुर - मृतक की पत्नी और मो0 सोहेल पे0-मो0 मुस्ताक, सा0-घोरघट, थाना-सुलतानगंज, जिला-भागलपुर तथा मो0 इरफान पे0-मो0 अजीज, सा0-छोटी साहेबगंज, थाना-विश्वविद्यालय, जिला-भागलपुर के रूप में की गई है।

पूछताछ में हुआ खुलासा

गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार अभियुक्त अनिता देवी का पंकज शर्मा के साथ पिछले 05 साल से प्रेम संबंध था। पति उमेश शर्मा इसका हमेशा विरोध करते थे। इसी कारण पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।योजना के तहत 5 अगस्त को पंकज शर्मा हैदराबाद से फ्लाइट से पूर्णिया एयरपोर्ट आया। वहां पहले से मौजूद सोहेल और इरफान के साथ वह नवगछिया स्टेशन पहुंचा, जहां अनिता देवी अपने पति और पुत्र के साथ पहले से मौजूद थी। पंकज शर्मा ने उमेश शर्मा को काम के बहाने अपनी स्कॉर्पियो में बैठाकर कुर्सेला की तरफ ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। सबूत छुपाने के लिए शव को कटिहार जिले के मनिहारी थाना अंतर्गत कोसी नदी के मलकाइन घाट के पास फेंक दिया गया।शव को बरामद कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। अन्य संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध छापेमारी जारी है।