दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/चित्तरंजन

रूपनारायणपुर के नंदनिक हॉल में बुधवार को मुक्तमंच की कलाकार संस्था बंगाल स्टेज परफॉर्मर्स गिल्ड की आसनसोल शाखा के सहयोग से कलाकारों के साथ, कलाकारों के पास विषय पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाल कलाकारों द्वारा दीप प्रज्वलन, सामूहिक गीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से हुई। माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ और उत्तरीय देकर सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में बाराबनी विधायक अरिजीत राय के पिता अमल राय और विशिष्ट अतिथि संगीतकार चरणजीत सिंह उपस्थित रहे। अमल राय ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को कला से जोड़ते हैं। अनुरोध पर चरणजीत सिंह ने गीत गाकर दर्शकों से जमकर तालियां बटोरीं। गिल्ड के प्रतिनिधि प्रतीम बाबू ने संगठन के उद्देश्य और विस्तार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रूपनारायणपुर में गिल्ड को और सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी। इस दौरान 11 नए सदस्य गिल्ड से जुड़े और उन्हें सम्मानित किया गया। संचालन रवीन पाल और सोमा विश्वकर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में आलय मंडल, कुमार असित, ऋक, शुभजीत कुमार और मिलन का विशेष योगदान रहा।