बिरनी/गिरिडीह | रफ्तार मीडिया


बिरनी थाना क्षेत्र के जरीडीह पंचायत अंतर्गत कल्हाजोरी गरडीह निवासी गणेश दास की 35 वर्षीय पत्नी सरिता देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। रविवार सुबह करीब 8 बजे एक ऑटो (संख्या JH11J-8771) से पहुंचे दो अज्ञात व्यक्ति महिला के शव को उसके घर के बाहर उतारकर फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश एवं दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, सरिता देवी शनिवार की शाम अपने पुत्र आनंद कुमार दास से बरहमसिया जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। आनंद ने बताया कि शाम करीब 6 बजे किशोर नामक व्यक्ति का फोन आने के बाद उसकी मां बरहमसिया के लिए रवाना हुई थीं। उन्होंने सुबह करीब 4 बजे तक घर लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बजाय रविवार सुबह उनका शव घर पहुंचा दिया गया।
बच्चों ने पिता को दी सूचना, ससुराल पक्ष पहुंचा गांव
घटना की जानकारी मृतका के बच्चों ने कोलकाता में मजदूरी कर रहे पिता गणेश दास को दी। इसके बाद गणेश दास ने अपने ससुर सिंबल दास, निवासी ढिबीटांड़ (हीरोडीह थाना क्षेत्र), को सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग ग्रामीणों के साथ गरडीह पहुंचे और बाद में बिरनी थाना पहुंचकर मामले की सूचना पुलिस को दी।
बरहमसिया में किराये के मकान में रहती थी महिला
मृतका के पुत्र ने बताया कि गांव में कुछ लोगों के साथ विवाद होने के कारण उसकी मां अक्सर बरहमसिया में किराये का मकान लेकर रहती थीं और समय-समय पर गांव आती-जाती थीं।
अज्ञात व्यक्ति महिला को अस्पताल भी लेकर गया था
मामले में एक नया पहलू तब सामने आया जब जानकारी मिली कि रविवार सुबह करीब 6:27 बजे एक अज्ञात व्यक्ति सरिता देवी को इलाज के लिए बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा था। वहां सीएचओ अमन तोमर ने उनका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया।
सीएचओ अमन तोमर ने बताया कि महिला को लेकर आए व्यक्ति ने उसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। जांच के दौरान महिला का रक्तचाप सहित अन्य सामान्य जांच सामान्य प्रतीत हुई। इसके बाद महिला के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना प्रभारी लालचंद महतो एसआई प्रेमशंकर सिंह के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जनप्रतिनिधियों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही अरारी पंचायत के मुखिया पुत्र सुनील वर्मा एवं पंचायत समिति सदस्य पंकज यादव मृतका के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना प्रभारी लालचंद महतो ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन करने का प्रयास किया जाएगा।