दिल्ली के रानी बाग इलाके में महिला के साथ चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़िता के अनुसार वह फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रही थी। इसी दौरान उसने रास्ते में एक बस कंडक्टर से समय पूछा। आरोप है कि इसी दौरान कंडक्टर उसे जबरन बस के अंदर खींच ले गया, जहां मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ करीब दो घंटे तक दरिंदगी की गई।
महिला ने आरोप लगाया कि वह लगातार मदद के लिए चिल्लाती रही और जान की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। वारदात के बाद आरोपी महिला को गंभीर हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस घटना के बाद राजधानी में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्ष ने सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया है।