रफ्तार संवाददाता रंजीत पालकोट (गुमला), रविवार। भारतीय जनता पार्टी पालकोट मंडल की बैठक रविवार को मंडल अध्यक्ष राहुल बड़ाईक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पंचायतों से अपेक्षित प्रतिनिधियों की कम उपस्थिति पर चिंता व्यक्त की गई तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए पालकोट मंडल प्रभारी मंगल सिंह भोगता ने कहा कि भाजपा देश का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसके कार्यकर्ता होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा में अध्यक्षीय कार्य प्रणाली है और संगठन सर्वोपरि है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संगठनात्मक दृष्टि से पार्टी नेतृत्व के प्रति जवाबदेह हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।मंगल सिंह भोगता ने कहा कि संगठन एक नदी की धारा की तरह होता है, जिसमें कभी बाढ़, कभी सामान्य स्थिति और कभी सूखे जैसी परिस्थिति आती है। ऐसे समय में कार्यकर्ताओं को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि आवश्यकता पड़ने पर कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या संगठन के साथ खड़ी दिखाई देगी।बैठक में बीएलए-2 प्रभारी श्रद्धानंद बेसरा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे तथा बूथों को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई जाए।बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर पुष्पार्चन कर की गई। अंत में वंदे मातरम् के साथ बैठक का समापन हुआ।