फरीदाबाद। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गढ़ी मुंडो निवासी अमित ढींगरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की 7 नवंबर को शादी होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अमित ढींगरा मानकपुर स्थित एक बर्तन फैक्ट्री में मैनेजर है, जबकि पीड़िता भी उसी फैक्ट्री में काम करती थी। दोनों के बीच 2020 में प्रेम संबंध बने। उसी वर्ष अमित ने पीड़िता को होटल पैराडाइज में मिलने के लिए बुलाया, जहां उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार संबंध बनाता रहा, लेकिन शादी की बात आने पर हर बार टालमटोल करता रहा।
शादी की खबर लगते ही पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत
बीते दिनों पीड़िता को पता चला कि आरोपी अमित की शादी किसी और लड़की से तय हो चुकी है। इस पर उसने आरोपी पर नजर रखनी शुरू की।
2 नवंबर को पीड़िता ने अमित को मिलने के लिए बुलाया और कोर्ट मैरिज का प्रस्ताव रखा। होटल में आरोपी ने उसे साड़ी का जोड़ा दिया, मांग में सिंदूर भरा और अगले दिन कोर्ट मैरिज का वादा किया।
लेकिन बाद में उसने फिर संपर्क तोड़ दिया। कुछ ही दिनों बाद पीड़िता के हाथ उसका शादी का कार्ड लगा, जिससे उसे पता चला कि अमित की शादी 7 नवंबर को होने वाली है। इसके बाद उसने सेक्टर-17 थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
जांच अधिकारी आरती ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
“अमित ढींगरा को वीरवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है,” – जांच अधिकारी आरती ने बताया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं आरोपी से पूछताछ में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने अन्य किसी महिला के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है।