ओमप्रकाश तिवारी /मोतिहारी, अमरजीत सिंह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, जनसेवा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए अनेक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। देश में सड़क, रेल, हवाई अड्डों, डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। सरकार की दूरदर्शी नीतियों के कारण भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा वैश्विक मंच पर उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।
प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों, पोस्टरों एवं सूचना पटों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसमें गरीब कल्याण योजनाएं, किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत अभियान तथा बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। प्रदर्शनी का उद्देश्य आम जनता को सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों से अवगत कराना है।
प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर विधायक प्रमोद कुमार, बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रकिशोर मिश्र, मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में लोगों ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा आयोजन की सराहना की।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा