सरायकेला: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरायकेला-खरसावां जिला समिति का पुनर्गठन किया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो द्वारा जारी नई जिला कार्यकारिणी की सूची में कांड्रा निवासी कामदेव महतो को जिला महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।कामदेव महतो लंबे समय से भाषा-खतियान आंदोलन से सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। संगठन विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने तथा विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में संगठन को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे किसानों, युवाओं, मजदूरों और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करते रहे हैं।पार्टी नेतृत्व ने उनकी सक्रिय कार्यशैली, संगठन के प्रति समर्पण और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा है। जिला महासचिव बनाए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सरायकेला-खरसावां जिले में जेएलकेएम का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने में नई गति मिलेगी।कामदेव महतो ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, युवाओं को जोड़ना तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी के सिद्धांतों और जनहित के मुद्दों को लेकर वे लगातार सक्रिय रहेंगे।