दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण  के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार जामताड़ा द्वारा संचालित 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय, तमाजोड़ में लिटरेसी क्लब के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को संविधान प्रदत्त अधिकारों, कानूनी प्रावधानों तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या प्रीति श्रीवास्तव ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है। उन्होंने युवाओं से जाति प्रथा, दहेज प्रथा, लैंगिक भेदभाव और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आगे आने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार ने छात्र-छात्राओं को समानता का अधिकार, दहेज निषेध अधिनियम, महिला सुरक्षा कानून, बाल विवाह निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम तथा निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अन्याय या कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकार जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है। कार्यक्रम में एलएडीसी की अधिवक्ता सरिता बर्मन ने महिला अधिकार, बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार तथा मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान विद्यार्थियों ने जाति प्रथा और दहेज प्रथा पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। अंत में सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने जाति प्रथा, दहेज प्रथा एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने तथा समाज में समानता, न्याय, भाईचारा और संवैधानिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अधिकार मित्र विश्वजीत पाल, आनंद महतो, कार्तिक दत्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।