मोतिहारी: चिरैया ही नहीं, पूरे बिहार के धार्मिक स्थलों की चहारदीवारी, संरक्षण और विकास का मुद्दा सदन में गूंजा; सनातन आस्था से जुड़े स्थलों के संरक्षण पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया
स्थान: पटना/चिरैया
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान चिरैया विधानसभा क्षेत्र के विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता ने पूरे बिहार के मठ-मंदिरों की सुरक्षा, चहारदीवारी एवं सौंदर्यीकरण का महत्वपूर्ण मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि राज्य के अनेक प्राचीन मठ-मंदिर आज भी चहारदीवारी के अभाव में असुरक्षित हैं, जिससे सुरक्षा, स्वच्छता एवं संरक्षण की समस्या बनी हुई है।
विधायक ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यटन, स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने सरकार से सभी प्रमुख मठ-मंदिरों की चहारदीवारी, सौंदर्यीकरण तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मांग केवल चिरैया विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे बिहार के सभी मठ-मंदिरों के हित में उठाई गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों, ग्रामीण इलाकों तथा विभिन्न स्थानों पर स्थित प्राचीन धार्मिक स्थलों के संरक्षण की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।
गौरतलब है कि रफ्तार मीडिया द्वारा पिछले कुछ समय से सनातन धर्म से जुड़े मठ-मंदिरों की सुरक्षा, चहारदीवारी एवं संरक्षण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया जा रहा था। विधानसभा में इस विषय के उठने के बाद लोगों के बीच यह चर्चा है कि धार्मिक विरासत के संरक्षण का मुद्दा अब राज्य स्तर पर गंभीरता से सामने आया है।
विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार जनभावनाओं एवं धार्मिक आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी।