कानपुर के परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिलापट्ट लगाने को लेकर सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हो गया। दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए और स्कूल परिसर में नारेबाजी, धक्का-मुक्की और तीखी बहस का माहौल बन गया। इस दौरान सपा विधायक अमिताभ बाजपेई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मामला प्राथमिक विद्यालय में कराए गए सुंदरीकरण और नव-निर्माण कार्य से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि यह कार्य विधायक निधि से कराया गया था और बुधवार को स्कूल में शिलापट्ट लगाया जाना था। इसी को लेकर दोनों दलों के बीच श्रेय लेने की होड़ शुरू हो गई।
सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह काम उनके विधायक के प्रयासों से हुआ है, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकारी योजनाओं और स्थानीय सहयोग का हवाला देते हुए अपना पक्ष रखा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जोरदार नोकझोंक शुरू हो गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने सपा विधायक Amitabh Bajpai को हिरासत में ले लिया। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।