दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो 

एसआईआर-2026 (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी  सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने  समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में बोकारो जिले के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसरों के साथ बैठक की। बैठक में शहरी क्षेत्र के अधिक से अधिक मतदाताओं तक सही, प्रमाणिक एवं तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने तथा गणना प्रपत्र समय पर जमा कराने में सोशल मीडिया की सकारात्मक भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर सीधे लोगों से जुड़े रहते हैं, इसलिए उनकी सकारात्मक पहल से बड़ी संख्या में मतदाताओं तक एसआईआर-2026 संबंधी सही जानकारी पहुंचाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि बोकारो स्टील सिटी एवं चास नगर निगम क्षेत्र के लगभग 1.10 लाख मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है। कई मतदाता प्रपत्र प्राप्त करने के बावजूद उसे वापस जमा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सभी सोशल मीडिया इनफ्लुएंसरों से अपील की कि वे लोगों को प्रेरित करें कि वे प्राप्त गणना प्रपत्र को यथाशीघ्र भरकर अपने बीएलओ के पास जमा करें।डीईओ सह डीसी ने कहा कि शिक्षित मतदाता चाहें तो अपने मोबाइल फोन से भी गणना प्रपत्र भर सकते हैं। यदि किसी कारणवश पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं है, तब भी उपलब्ध जानकारी भरकर प्रपत्र जमा कर दें। शेष जानकारी भरने में बीएलओ उनकी सहायता करेंगे।उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र केवल एक कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। यदि कोई मतदाता किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में पंजीकृत है, तो वह इसकी जानकारी भी प्रपत्र में अंकित कर उसे अवश्य वापस करें। उन्होंने कहा कि अगले दो-तीन दिनों तक इसे जन अभियान के रूप में चलाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक प्रपत्र जमा हो सकें।डीईओ सह डीसी ने कहा कि एसआईआर-2026 की प्रक्रिया की अंतिम तिथि 29 जुलाई, 2026 निर्धारित है। उन्होंने सभी मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की।