पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी):बिहार के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक की संयुक्त अध्यक्षता में आज SSB हेडक्वार्टर रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा से संबंधित विषयों पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एवं SSB के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पूर्वी चम्पारण की 114.54 किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कुल 1237 सीमा स्तंभ स्थापित हैं, जिनमें से 931 सुरक्षित एवं स्पष्ट स्थिति में हैं। 73 स्तंभ क्षतिग्रस्त पाए गए हैं, जिनकी संयुक्त निरीक्षण एवं नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। दिनांक 24 मार्च 2026 को SSB मुख्यालय, रक्सौल में FST की बैठक आयोजित की जा चुकी है।
सीमा स्तंभों के दोनों ओर चिन्हित कुल 121 अतिक्रमणों में से 117 हटाए जा चुके हैं और शेष 4 मामलों में कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। सीमा से 15 किलोमीटर की दूरी तक रक्सौल एवं सिकरहना में कुल 34 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। नो-मैन्स लैंड में 4 अनधिकृत धार्मिक संरचनाएं भी चिन्हित की गई हैं।
*2022 से 2026 के बीच सीमावर्ती अपराध के आंकड़े:* शराब तस्करी के 22,500 मामले, हथियार तस्करी के 779 मामले में 1179 गिरफ्तारियाँ, मादक पदार्थ के 448 मामलों में 663 गिरफ्तारियाँ तथा जाली नोट के 10 मामलों में ₹54.64 लाख की जब्ती दर्ज की गई है। अवैध विदेशी घुसपैठ के कुल 41 मामलों में वर्ष 2025 में अकेले 25 विदेशी नागरिक पकड़े गए। इनमें बांग्लादेशी, श्रीलंकाई एवं अबू धाबी नागरिक शामिल हैं, जिनके संबंध में संबंधित देशों के दूतावासों को सूचना प्रेषित की जा चुकी है।
रक्सौल अनुमंडल में 1918 अभियुक्तों से गांजा, चरस, स्मैक, अफीम, नशीली गोलियाँ एवं सुइयाँ बरामद की गई हैं। रक्सौल में मानव तस्करी के अंतर्गत 574 बच्चों का रेस्क्यू किया गया है, जिनमें 497 वयस्क एवं 77 नाबालिग हैं। रोजगार के नाम पर मानव व्यापार करने वाली कई संदिग्ध कंपनियों की पहचान की गई है। BNSS की धारा-107 के तहत 53 अवैध कारोबारियों के विरुद्ध ₹53 करोड़ 05 लाख एवं भू-माफिया के विरुद्ध ₹12 करोड़ 03 लाख की संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
*विकास कार्य एवं राजस्व:* बैठक में रक्सौल एयरपोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि अर्जन की समीक्षा की गई और इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सीमावर्ती 12 ग्रामों में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत 125 अनुमोदित योजनाओं में से 90 का प्राक्कलन तैयार है तथा 74 योजनाएं VVP पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी हैं। जीविका समूहों के माध्यम से डेयरी, बकरी पालन, मछली पालन एवं पोल्ट्री फार्म के लिए 90 लाभुकों को स्वरोजगार हेतु सहायता दी जा रही है।
मोतिहारी वाणिज्य कर अंचल में GST संग्रहण वित्तीय वर्ष 2024-25 के ₹307.75 करोड़ से बढ़कर वित्तीय वर्ष 2025-26 में ₹370.09 करोड़ हो गया है, जो 20.26 प्रतिशत की वृद्धि है। रक्सौल अंचल में भी ₹95 करोड़ से बढ़कर ₹109.21 करोड़ की वसूली हुई है, जो 14.96 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, SSB एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने, संयुक्त गश्त एवं रात्रि कैंप की निरंतरता बनाए रखने तथा सीमावर्ती ग्रामों में विकास योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।