दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा के गायत्री नगर स्थित राष्ट्रीय जनता दल के जिला कार्यालय में रविवार को पार्टी का 30वां स्थापना दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने की। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल सामाजिक न्याय, समानता और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाएं तथा आम लोगों के बीच संगठन को और मजबूत करें। प्रधान महासचिव अशोक चौधरी ने कहा कि राजद हमेशा समाज के वंचित, पिछड़े और गरीब तबके की आवाज़ बनकर खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाएं तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। वही महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अर्चना यादव ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना संगठन मजबूत नहीं हो सकता। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से सामाजिक न्याय की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सिद्धांतों और सामाजिक न्याय की विचारधारा को जामताड़ा जिले के हर गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि लालू यादव ने गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अत्यंत पिछड़े वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है, जिसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब पार्टी कार्यकर्ताओं की है। कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, एकजुटता और जनसरोकारों के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। मौके पर जिला सचिव मुन्ना यादव, जिला उपाध्यक्ष मुसरफ़ मिर्जा, पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामप्रसाद सिंह, प्रखंड अध्यक्ष जोगिंदर राय, विजय यादव, अल्ताफ अंसारी, नगर अध्यक्ष उमाशंकर यादव, राजेश यादव, महिला उपाध्यक्ष कालिंदी रानी, मीरा टुडू, भीम यादव, रोशन यादव, सुजल यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।