पतरघट/सहरसा।पतरघट थाना पुलिस ने बुधवार को अंचलाधिकारी (सीओ) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोलमा पूर्वी पंचायत के भागवतपुर वार्ड संख्या 10 में छापेमारी कर एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के घर से 8.56 ग्राम स्मैक बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
थानाध्यक्ष शशिकुमार कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सीओ प्रिंस प्रकाश, पीटीसी धर्मेंद्र चौधरी एवं पुलिस बल के सहयोग से तस्कर के घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर से 8.56 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने प्रिंस कुमार (पिता—वकील यादव) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामद स्मैक को जब्त कर लिया है तथा आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना करते हुए नशे के बढ़ते कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की मांग की है।