शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।
शिकारीपाड़ा प्रखंड में आयोजित प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन दिनांक 24 जून 2026 को हो गया। प्रतियोगिता का अंतिम दिन बेहद रोमांचक मुकाबलों का गवाह बना, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालिका वर्ग के खिताबी मुकाबले में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शिकारीपाड़ा और प्लस टू उच्च विद्यालय शिकारीपाड़ा की टीमें आमने-सामने थीं। इस कड़े मुकाबले में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शिकारीपाड़ा ने शानदार खेल दिखाते हुए प्लस टू उच्च विद्यालय को 3-1 से पराजित कर खिताबी जीत अपने नाम की।
वहीं दूसरी ओर, अंडर-15 बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला मध्य विद्यालय सरायदहा और मध्य विद्यालय शिकारीपाड़ा बालक के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच निर्धारित समय तक का मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसके बाद मैच का फैसला ट्राई ब्रेकर के जरिए हुआ। ट्राई ब्रेकर में मध्य विद्यालय सरायदहा ने 7-5 के अंतर से बाजी मारते हुए खिताबी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के समापन के अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी शिकारीपाड़ा जियारूल इस्लाम एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी नयन कुमार हेरेंज द्वारा विजेता और उपविजेता टीमों के बीच पुरस्कारों का वितरण किया गया, जिसके बाद आधिकारिक रूप से खेल का समापन हुआ। इस पूरी खेल प्रतियोगिता को सफल और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में अनिल कुमार, रीना गोस्वामी, अल्पना दत्ता, पुरुषोत्तम कुमार, जॉर्ज पी हेंम्ब्रम, जियनधन सोरेन, जोयन हाॅंसदा, संदीप सिंह, प्रीतम मरांण्डी, सिल्वेस्टर सोरेन, सुरेंद्र कुमार तथा प्रखंड के नोडल पदाधिकारी निरंजन कुमार सिंह एवं रामानंद घोष ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उनका योगदान सराहनीय रहा।