दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।
दिनांक 21 जून 2026 को जिला दुमका के विभिन्न क्षेत्रों में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग शिविरों का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस विशेष अवसर पर आयुष विभाग शिकारीपाड़ा की ओर से उत्क्रमित उच्च विद्यालय ढाका में एक वृहत योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन हुआ, इस शिविर में योग शिक्षक बैद्यनाथ पाल द्वारा उपस्थित लोगों को योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में कुल 125 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कर्मी और सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (आयुष) शिकारीपाड़ा की डॉ. श्रद्धा प्रियदर्शिनी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्रद्धा ने दैनिक जीवन में योग के महत्व पर विशेष प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सभी अपने रोजमर्रा के जीवन में योग, आसन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ध्यान और प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाकर बिना किसी खर्च के पूरी तरह स्वस्थ रह सकते हैं।
इसी कड़ी में दुमका के एक अन्य केंद्र पर भी योग के प्रति भारी उत्साह देखा गया। सीएससी जामदली (दुमका) के अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय कुमराबाद में योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में योग प्रशिक्षक नवद्वीप कुमार मंडल के नेतृत्व में लोगों को योग के विभिन्न आसन सिखाए गए। कुमराबाद के इस सत्र में कुल 33 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें योग के प्रति जागरूकता दिखाते हुए 18 पुरुष और 15 महिलाएं शामिल हुईं। दोनों ही स्थानों पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने समाज को निरोग रहने और योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का एक मजबूत संदेश दिया।