बगहा /रिपोर्ट मोहम्मद इम्तियाज :रामनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 11 माह पूर्व विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान पिंकी देवी के रूप में हुई है, जो धनरपा चौक सबुनी टोला की रहने वाली थी। मृतका के पिता राजेश राउत ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वाले टीवीएस कंपनी की अपाचे बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, घर बाहर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर शव पलंग पर लिटाया हुआ मिला। मृतका के गले पर निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका प्रबल हो गई है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य फरार हैं। पुलिस ने मृतका के ननिया ससुर हरिलाल राउत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मौके पर रागिनी कुमारी सहित थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे। एफएसएल टीम भी जांच के लिए पहुंची है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।