रफ्तार मीडिया/गिरिडीह: युवा राष्ट्रीय जनता दल की जिला स्तरीय बैठक आज सर्किट हाउस गिरिडीह में संपन्न हुई। बैठक में युवाओं को प्राथमिकता के साथ पार्टी से जोड़ने तथा संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए युवा राजद जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि गिरिडीह जिले के सभी प्रखंडों में अधिक से अधिक नौजवानों को राष्ट्रीय जनता दल से जोड़ा जाएगा तथा आमजन के हक और अधिकार की लड़ाई को और मजबूती प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा से जुड़े बुद्धिजीवियों को भी पार्टी से जोड़कर उनके मार्गदर्शन में संगठन को नई दिशा दी जाएगी।
बैठक में विशेष रूप से "युवा संवाद चौपाल यात्रा" को सफल बनाने को लेकर चर्चा हुई। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान जिला कमिटी का विस्तार करते हुए रविंद्र कुमार को जिला उपाध्यक्ष, राजेश कुमार यादव को जिला कोषाध्यक्ष तथा जागेश्वर यादव को जिला सचिव मनोनीत किया गया। इस अवसर पर राजद के जिला अध्यक्ष इरफान अंसारी एवं जिला महासचिव रामेश्वर यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने तथा जनसरोकार के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया।