दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता करमाटांड़ 
प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत गुलाब राय गुटगुटिया प्लस टू विद्यालय में बुधवार को शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड के सभी कोटि के विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, बीआरपी, सीआरपी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इसके साथ ही दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रखंड स्तरीय विशेष बैठक भी संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सर्किल मरांडी ने की जबकि संचालन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सावित्री किस्कू ने किया। इस दौरान अपार आईडी निर्माण, शिक्षक बायोमेट्रिक उपस्थिति, ई-विद्यावाहिनी में दैनिक छात्र उपस्थिति अपलोड, एमडीएम एसएमएस प्रेषण, तिथि भोजन, सामाजिक अंकेक्षण, प्रयास कार्यक्रम, प्रोजेक्ट रेल, एफएलएन, ज्ञानसेतु, यू-डायस प्लस, विद्यार्थियों के बैंक खाते, आधार सीडिंग, एनीमिया मुक्त भारत अभियान, आईएफए टैबलेट वितरण, ईको क्लब गठन , एक पेड़ मां के नाम 3.0 अभियान, एसएमसी पुनर्गठन तथा ई-कल्याण पोर्टल सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में शिक्षक विद्यासागर ने बताया कि 15 से 22 जुलाई तक विद्यालय स्तर पर दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के विशेष नामांकन अभियान का संचालन किया जाएगा। वहीं, रिसोर्स शिक्षक शशि शेखर ने सभी प्रधानाध्यापकों से अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर ऐसे बच्चों की पहचान करते हुए उनका शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय, जामताड़ा के शिक्षक मोहम्मद मुस्तकीम ने कक्षा पांच के विद्यार्थियों का जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराने पर जोर दिया। उन्होंने सभी विद्यालयों से अधिकाधिक योग्य विद्यार्थियों का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का लाभ मिल सके। मौके पर शिक्षक अमर नाथ दास, राजन आसरे, रामाशीष लाल, अनिमेष मंडल, शिक्षिका बाबोनी बास्की, सहायक अध्यापक सुबोध चंद्र मोदी, प्रभु मंडल, सीआरपी राजेश गुप्ता, मक़सूद अंसारी, विनय कुमार एवं ललन कुमार , बीआरपी सरफराज, गोवर्धन कुमार, लेखापाल नोनी गोपाल मंडल, कंप्यूटर ऑपरेटर पवन कुमार तथा निधि कुमारी सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित थे।