गोवर्धन रजक /रफ्तार मीडिया संवाददाता/ धनबाद : कोयलांचल धनबाद में भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान के गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के पास लेवी (रंगदारी) वसूलने पहुंचे गैंग के गुर्गों और पुलिस के बीच सीधी मुठभेड़ (हाफ एनकाउंटर) हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी है, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। 
घायल अपराधियों को पुलिस की कड़ी निगरानी में SNMMCH (शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया है। 
स्थान:बरवाअड्डा थाना क्षेत्र का निरंकारी चौक, धनबाद।
घायल अपराधी: नन्हे उर्फ नाजिर अंसारी (36 वर्ष, पुटकी) और इरफान अंसारी (35 वर्ष, वासेपुर)।
बरामदगी: एक पिस्टल (हथियार), मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल। 
फरार:एक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
बड़ा खुलासा: अपराधी मौके से फोन पर प्रिंस खान के भाई गोपी खान से बात कर रहे थे।
कैसे हुई मुठभेड़?
धनबाद के एसएसपी (SSP) प्रभात कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी निरंकारी चौक के पास लेवी वसूलने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही गश्ती दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। 
पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को देखते ही अपराधी घबरा गए और उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग की। इस 'हाफ एनकाउंटर' में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी और वे वहीं गिर पड़े।
भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस के आला अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। एसएसपी प्रभात कुमार के अलावा, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार विनोद और बरवाअड्डा थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल की बैरिकेडिंग कर दी गई है और फोरेंसिक सबूत जुटाए जा रहे हैं।
धनबाद पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से साफ है कि कोयलांचल में गैंगस्टर्स और उनके गुर्गों के खिलाफ पुलिस अब आर-पार के मूड में है। फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए जिले भर में नाकेबंदी कर दी गई है।