तिसरी/गिरिडीह/रफ्तार मीडिया रंजन कुमार
तिसरी प्रखंड के लोकाय थाना क्षेत्र के मनसाडीह ओपी के एएसआई घनश्याम हेम्ब्रम पर पति पत्नी प्रकाश मुर्मू और रीना हेम्ब्रम ने मारपीट ओर अभद्र भाषा का आरोप लगाया है। जिसे लेकर मुखिया पुत्र लखी राम हेंब्रम,समाजसेवी अनासियस,भाजपा चन्दौरी मंडल अध्यक्ष सहित कई गणमान्य लोगों के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने तिलकिमारन टावर के पास एएसआई के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। गिरिडीह एसपी के नाम आवेदन देकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की।
प्रकाश मुर्मू ने बताया कि शनिवार रात उनके घर मेहमान आए हुए थे और वे उनके साथ भोजन कर रहे थे। इस बीच मनसाडीह ओपी की पुलिस सिविल ड्रेस में उनके घर पहुंची और कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया।
वहीं, एएसआई घनश्याम हेम्ब्रम ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर वे जांच के लिए क्षेत्र में गए थे। पूछताछ के दौरान प्रकाश मुर्मू ने ही उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ओपी रविवार दोपहर को पहुंचे।मामले की जानकारी लेने के पश्चात कहा कि घटना की जानकारी अपने वरीय पदाधिकारियों को दे दी गई है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि ग्रामीणों और पुलिस के बीच कुछ कहासुनी हुई थी, ग्रामीणों से वार्ता के बाद शांत करा दिया गया है। ग्रामीणों की मांग है कि एएसआई घनश्याम हेम्ब्रम का स्थानांतरण किया जाए अथवा उन्हें लाइन हाजिर किया जाए। इस संबंध में वरीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
इधर, भाजपा नेता सुनील साव ने आरोप लगाया कि एएसआई घनश्याम हेम्ब्रम द्वारा ग्रामीणों के साथ मारपीट की घटनाएं पहले भी की हैं। उन्होंने गिरिडीह एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की।