मोतिहारी | ओम प्रकाश तिवारी
मोतिहारी। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी से ग्रसित मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध कराने एवं जनभागीदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा पूर्वी चंपारण की बैठक कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार भारती (अपर समाहर्ता, लोक शिकायत निवारण) की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकारी सदस्य, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों के साथ जिला यक्ष्मा केंद्र के डॉ. संजीव, सदर अस्पताल के डीपीएम ठाकुर विश्वमोहन तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) कृष्ण मुरारी सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार भारती ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और सक्षम नागरिकों के सहयोग से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीबी का प्रभावी उपचार केवल दवाओं से नहीं, बल्कि संतुलित पोषण, नियमित इलाज और सामाजिक सहयोग से संभव है। उन्होंने लोगों से 'निक्षय मित्र' बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने की अपील की।
बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी ने 150 टीबी मरीजों को लगातार छह माह तक प्रत्येक माह फूड बास्केट (पोषण आहार) उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को कार्यकारिणी समिति के सभी उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की।
रेड क्रॉस सोसाइटी ने उम्मीद जताई कि इस पहल से टीबी मरीजों को बेहतर पोषण मिलेगा और प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान को जिले में नई मजबूती मिलेगी।