रांची: झारखंड सरकार में सहयोगी दल कांग्रेस पार्टी अपने संगठन में मजबूत करने में जुटी हैं इस बीच नामकुम प्रखंड में शुक्रवार को आयोजित  मिलन समारोह में भाजपा, आजसू, जेएलकेएम समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम खिजरी विधायक एवं कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि समारोह में हजारों कार्यकर्ता पार्टी से जुड़े।

भाजपा, आजसू और जेएलकेएम के नेताओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता

सदस्यता ग्रहण करने वालों में भाजपा से जुड़े मनोज सिंह, बिकू सिंह, रमेश मुण्डा, शारदा सिंह, अनिल वर्मा, आजसू की पूर्व प्रमुख रीता रजनी कुजूर, पूर्व प्रमुख पुष्पा तिर्की, अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष सी.पी. शर्मा, वीर नारी सेना की अध्यक्ष नीरा देवी, जेएलकेएम के दिनेश कुमार प्रजापति और दिलीप महतो, हुवांगहातु पंचायत के मुखिया विवेक मुण्डा तथा पार्षद अमित मुण्डा सहित कई प्रमुख लोग शामिल रहे। सभी नए सदस्यों का कांग्रेस नेताओं ने माला पहनाकर और पार्टी का पट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने दिया संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी बेला प्रसाद ने कहा कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि विभिन्न दलों से आए कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत है और सभी मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे। मंत्री दीपिका सिंह पांडेय ने कहा कि कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य सरकार और कांग्रेस की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए नए सदस्यों का स्वागत किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का कांग्रेस से जुड़ना पार्टी के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का संकेत है।

जनता कांग्रेस की नीतियो से है प्रभावित- राजेश कच्छप

खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि जनता कांग्रेस की नीतियों और जनहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर संगठन को और मजबूत करेंगे तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन जन तक पहुंचाएंगे।

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम को महिला कांग्रेस अध्यक्ष रामा खलखो, पूर्व राज्यसभा प्रत्याशी प्रणव झा, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा, रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस प्रभारी रियाजुल अहमद, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुण्डा, डॉ. अमर कुमार चौधरी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कांग्रेस के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।