बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड में तकनीकी शिक्षा संस्थान की स्थापना को लेकर जनप्रतिनिधियों ने आवाज बुलंद की है। सोमवार को कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला पातर और उप प्रमुख मोहम्मद एकराम ने तिरुलडीह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ईचागढ़ विधायक सविता महतो को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में आईटीआई अथवा पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि कुकड़ू प्रखंड लंबे समय से तकनीकी शिक्षण संस्थान की सुविधा से वंचित है। हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मैट्रिक और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करते हैं, लेकिन आगे तकनीकी शिक्षा हासिल करने के लिए उन्हें दूसरे जिलों और शहरों में जाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई छात्र बाहर जाकर पढ़ाई करने में सक्षम नहीं हो पाते, जिसके कारण उन्हें बीच में ही तकनीकी शिक्षा छोड़नी पड़ती है। इसका सीधा असर युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर पड़ता है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि कुकड़ू प्रखंड में अविलंब आईटीआई या पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थापित किया जाए, ताकि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध हो सके तथा रोजगार के नए अवसर तैयार हों।
विधायक सविता महतो ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं की इस मांग को संबंधित विभाग के समक्ष गंभीरता से रखा जाएगा और आवश्यक पहल की जाएगी। ज्ञापन पर क्षेत्र के कई पंचायत प्रतिनिधियों ने भी समर्थन जताते हुए हस्ताक्षर किए। स्थानीय लोगों का मानना है कि तकनीकी शिक्षण संस्थान खुलने से कुकड़ू क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई राह मिलेगी।