रफ्तार मीडिया प्रमेश पांडे /बालूमाथ
बालूमाथ। बालूमाथ प्रखंड की बसिया पंचायत में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात हाथियों ने बसिया पाहन टोला निवासी बिनोद गंझू तथा बहेरा गांव निवासी राजधानी यादव के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों ने घरों में रखे अनाज को खा लिया और शेष राशन को बर्बाद कर दिया, जिससे दोनों परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। पीड़ितों के अनुसार घटना में लाखों रुपये की क्षति हुई है और अब उनके सामने भोजन का भी संकट उत्पन्न हो गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद जिला सांसद प्रतिनिधि सह पूर्व बालूमाथ भाजपा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण कुशवाहा मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त घरों का निरीक्षण किया, पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान लक्ष्मण कुशवाहा ने कहा कि क्षेत्र में पिछले एक वर्ष से हाथियों द्वारा लगातार फसल, मकान और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, लेकिन कई पीड़ित परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने वन विभाग से सभी लंबित मामलों का शीघ्र भुगतान करने तथा नए पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की।वहीं बसिया पंचायत की मुखिया बिमला देवी ने भी वन विभाग और राज्य सरकार से अविलंब मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा कि गरीब परिवारों का घर और राशन दोनों नष्ट हो गए हैं। ऐसे में तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि प्रभावित परिवार अपना जीवन-यापन कर सकें।मौके पर मुखिया बिमला देवी, रामप्रवेश राम, सुरेश यादव, बिनोद गंझू, रामकुमार उरांव, राजेश यादव, फॉरेस्टर अमित कुमार, मृत्युंजय कुमार, रूकमणिया देवी, सीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।